विकास की पहली शर्त होती है कानून-व्यवस्था का चुस्त-दुरुस्त होना:Rajnath Singh

स्टोरी शेयर करें


रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि विकास की पहली शर्त होती है कानून-व्यवस्था का चुस्त-दुरुस्त होना और प्रदेश की कानून-व्यवस्था कैसी है, यह किसी को बताने की जरूरत नहीं है।
शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र लखनऊ के दो-दिवसीय दौरे पर पहुंचे राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ के साथ यहां कॉल्विन तालुकदार कॉलेज में 1449.68 करोड़ रुपये लागत की 353 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

इस मौके पर अपने संबोधन में सिंह ने कहा कि विकास की पहली शर्त होती है कानून व्यवस्था का चुस्त-दुरुस्त होना। उन्होंने कहा कि विकास की यदि कोई ऑक्सीजन होती है तो वह चुस्त-दुरुस्त कानून व्यवस्था ही है और उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था कैसी है, किसी को बताने की जरूरत नहीं है।
पुलिस मुठभेड़ में अपराधियों के मारे जाने की ओर इशारा करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा, मैंने किसी समाचार पोर्टल पर पढ़ा था अब तक 63, मेरे अंदर उत्सुकता हुई कि अब तक 63 का मतलब क्या है।

जब पूरा पढ़ा तो पता चला कि पुलिस के साथ मुठभेड़ में 63 अपराधी मारे जा चुके हैं।
उन्होंने कहा, जिस रफ्तार से सफाई का काम हो रहा है, मुझे लगता है जल्दी सेंचुरी पार हो जाएगी।
रक्षा मंत्री ने कहा कि अभी कुछ दिन पहले आप सब होली के रंग में रंगे थे और आज का जो दृश्य अपनी आंखों के सामने देख रहा हूं, तो मैं कह सकता हूं कि आज लखनऊ विकास के रंग में रंगा हुआ दिखाई दे रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लखनऊ संसदीय क्षेत्र में भारतीय पुरातत्व संरक्षण की ओर से विभिन्न स्मारकों में सुंदरीकरण का कार्य किया जा रहा है, लखनऊ विश्व का सबसे सुंदर शहर बनकर खड़ा होगा, यही हमारी ख्वाहिश है।

मुख्यमंत्री के रूप में शनिवार को योगी आदित्यनाथ के दूसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने पर राजनाथ सिंह ने कहा, ‘‘शायद आपलोगों को इस बात की जानकारी नहीं होगी कि आज की तारीख और दिन हम सबके लिए बहुत महत्वपूर्ण है, उत्तर प्रदेश वासियों के लिए भी आज का दिन बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज ही के दिन अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल के छह वर्ष का पूरा कर रहे हैं।’’

रक्षा मंत्री ने कहा, मैं कह सकता हूं आज तक इतने लंबे समय तक (राज्य में) कोई मुख्यमंत्री नहीं रहा है, डॉक्टर संपूर्णानंद जी अब तक के सबसे अधिक समय तक रहने वाले मुख्यमंत्री थे, लेकिन उनके रिकॉर्ड को किसी ने तोड़ा है तो योगी आदित्यनाथ जी ने।
उन्होंने योगी के छह वर्षों के कार्यकाल को विकास और सुशासन का कार्यकाल बताते हुए उनको शुभकामनाएं और बधाई दी। उन्होंने विकास कार्यों का भी श्रेय मुख्‍यमंत्री योगी को दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकास अनवरत चलने वाली प्रक्रिया है, इसके लिए शासन-प्रशासन के साथ आमजन के मन में भी आत्मीयता होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा के साथ सुशासन के लक्ष्य को प्राप्त करना है।
उन्होंने कहा कि सरकार व जनमानस साथ मिलकर कार्य करते हैं तो परिणाम कई गुना बढ़ जाते हैं।
योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया में नई पहचान हासिल कर रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘जी-20 और शंघाई सहयोग संगठन जैसे संगठनों के कार्यक्रम को बढ़ाया जा रहा है। नागरिक के रूप में हमारा भी दायित्व है कि पीएम मोदी के 2047 तक भारत को महाशक्ति के रूप में स्थापित कर विकसित भारत के सपने को साकार कर सकें।’’

समारोह को उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर ने भी संबोधित किया।
रक्षा मंत्री शनिवार को यहां आने के बाद लखनऊ व्यापार मंडल के होली मिलन समारोह में भी शामिल हुए और बड़ी संख्या में उपस्थित व्यापारी जनों के ऊपर पुष्प वर्षा के साथ फूलों की होली खेली।



स्टोरी शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Pin It on Pinterest

Advertisements