पता नहीं किस बात ने नीतीश को महागठबंधन छोड़ने पर मजबूर किया- Tejashwi Yadav

स्टोरी शेयर करें


पटना। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने सोमवार को कहा कि उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को हमेशा पिता तुल्य माना है और उन्हें नहीं पता कि किस वजह से वह ‘‘महागठबंधन’’ छोड़कर भाजपा नीत राजग में लौटने के लिए मजबूर हुए। बिहार विधानसभा में कुमार के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार द्वारा पेश किए गए विश्वास प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए, यादव ने अपने पूर्व बॉस पर रिकॉर्ड नौवीं बार और पांच साल के भीतर तीसरी बार शपथ लेने के लिए भी तंज कसते हुए कहा कि ऐसा उदाहरण पहले कभी नहीं देखा गया। 
उन्होंने सदन में मौजूद कुमार की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘‘मैंने आपको दशरथ (महाकाव्य रामायण के पात्र) माना है। मुझे नहीं पता कि किन कारणों से आपको महागठबंधन छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा बिहार में ‘‘महागठबंधन’’ सरकार से डरी हुई थी… क्या प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गारंटी दे सकते हैं कि नीतीश कुमार फिर पलटी नहीं मारेंगे।” राजद नेता ने कहा, ‘‘मुझे जदयू विधायकों के लिए बुरा लग रहा है क्योंकि उन्हें जनता के बीच जाकर जवाब देना होगा। अगर कोई आपसे पूछे कि नीतीश कुमार ने तीन बार शपथ क्यों ली तो आप क्या कहेंगे। 
पहले आप उनकी (भाजपा) आलोचना करते थे और अब उनकी प्रशंसा कर रहे हैं, तो आप क्या कहेंगे।’’ यादव ने नीतीश से मुखातिब होते हुए कहा, ‘‘हम समाजवादी परिवार से हैं। आपने देश में मोदी को रोकने के लिए झंडा उठाया था, अब आपका भतीजा बिहार में मोदी को रोकने के लिए झंडा उठाएगा। आप जो झंडा ले कर चले थे कि मोदी को देश में रोकना है, अब आपका भतीजा झंडा उठा कर मोदी को बिहार में रोकने का काम करेगा।’’ 
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित करने पर राजद नेता ने कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न मिला…. भाजपा ने भारत रत्न को एक सौदा बना लिया है… वोट के बदले सौदा कर रही है। जब कर्पूरी ठाकुर ने राज्य में आरक्षण बढ़ाया था, तो इसी जनसंघ ने कर्पूरी जी को मुख्यमंत्री पद से हटा दिया था। और आप (नीतीश) उनके साथ बैठे हैं।’’ यादव ने कहा, ‘‘हम हमेशा आपका (नीतीश कुमार का) सम्मान करेंगे। जब आप अपना इस्तीफा देने के बाद राज भवन से बाहर आए। आपने कहा कि मन नहीं लग रहा था। हम लोग नाचने-गाने के लिए थोड़े हैं। हम आपका समर्थन करने के लिए वहां थे।



स्टोरी शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Pin It on Pinterest

Advertisements