राजधानी दिल्ली में एक लड़की के साथ सरेराह मारपीट का मामला सामने आया है। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने भी कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है जिसमें एक लड़की के साथ मारपीट होती दिख रही है। वीडियो में एक युवक लड़की को जबरन कार में बैठाते हुए दिख रहा है।
इस मामले में वीडियो वायरल होने के बाद दिल्ली पुलिस ने इस गाड़ी और गाड़ी चालक का पता लगाया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। जानकारी के मुताबिक रोहिणी से विकासपुरी जाने के लिए तीन दोस्तों (दो युवकों और एक युवती) ने गाड़ी बुक की थी। इस दौरान तीनों के बीच कहासुनी और हाथापाई हुई। इस दौरान युवक गाड़ी के बाहर खड़ी युवती को जबरन गाड़ी में धकेलते दिख रहा है।
पुलिस ने बताया कि घटना शनिवार रात करीब पौने नौ बजे बाहरी दिल्ली के मंगोलपुरी फ्लाईओवर के पास हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। पुलिस ने बताया कि वीडियो में दिख रही कार हरियाणा में पंजीकृत है। कार गुड़गांव के रतन विहार इलाके की है, जहां घटना के संबंध में पुलिस की एक टीम भेजी गई थी।
पुलिस उपायुक्त (बाहरी) हरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि कार और उसके चालक का पता लगा लिया गया है। उन्होंने बताया कि कार को दो पुरुषों और एक महिला ने उबेर (कैब बुकिंग सर्विस देने वाली एप) के माध्यम से रोहिणी से विकासपुरी के लिए बुक किया था। जिसके बाद रास्ते में तीनों में विवाद हो गया। अधिकारी ने बताया, ‘‘वीडियो में दिख रहा है कि लड़का, लड़की को जबरन कार के अंदर धकेल रहा है। ऐसा तब हुआ जब लड़की झगड़े के बाद बाहर जाना चाहती थी। आगे की जांच जारी है।’’
महिला आयोग ने लिया संज्ञान
इस बीच, दिल्ली महिला आयोग की प्रमुख स्वाति मालीवाल ने वीडियो का संज्ञान लिया और दोनों व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। मालीवाल ने ट्वीट में कहा, ‘‘मैं दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर रही हूं। आयोग इन लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।