पुतिन, शी ने रिश्तों को प्रगाढ़ करने का संकल्प लिया, रूस ने यूक्रेन पर दागीं कई मिसाइल

स्टोरी शेयर करें


यूक्रेन में 10 महीने से जारी युद्ध के बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने अपने द्विपक्षीय सहयोग को और प्रगाढ़ करने का शुक्रवार को संकल्प लिया। इस बीच, रूस की ओर से यूक्रेन पर बृहस्पतिवार रात और शुक्रवार तड़के ड्रोन और राकेट से लगातार हमले किए गए।
पुतिन और शी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए द्विपक्षीय वार्ता के दौरान यूक्रेन का सीधे तौर पर कोई उल्लेख नहीं किया लेकिन उन्होंने ‘‘भू-राजनीतिक तनाव’’ और ‘‘मुश्किल अंतरराष्ट्रीय स्थिति’’ के बीच मास्को और बीजिंग के बीच मजबूत होते संबंधों की सराहना की। पुतिन ने कहा, ‘‘बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के मद्देनजर, रूसी-चीनी रणनीतिक साझेदारी बढ़ रही है।’’

वार्ता में पुतिन ने सैन्य सहयोग बढ़ाने की इच्छा व्यक्त की।
पुतिन ने शी को वसंत के मौसम में मास्को आने का न्यौता दिया। उन्होंने कहा, ‘‘इस तरह की यात्रा पूरी दुनिया को प्रमुख मुद्दों पर रूसी-चीनी संबंधों की ताकत का प्रदर्शन करेगी, द्विपक्षीय संबंधों में वर्ष की मुख्य राजनीतिक घटना बन जाएगी।’’
पुतिन ने शी के साथ वार्ता के दौरान कहा कि उनके देशों के बीच संबंधों में सैन्य सहयोग का ‘‘विशेष स्थान’’ है। पुतिन ने कहा कि रूस का उद्देश्य ‘‘दोनों देशों के सशस्त्र बलों के बीच सहयोग को मजबूत करना है।’’
शी ने अपने दुभाषिया के जरिए कहा कि चीन, ‘‘रूस के साथ रणनीतिक सहयोग बढ़ाने, एक दूसरे को विकास के अवसर प्रदान करने, दोनों देशों के लोगों के लाभ के लिए और दुनिया भर में स्थिरता के हित में वैश्विक भागीदार बनने के लिए तैयार है।’’

पुतिन के यूक्रेन में 24 फरवरी को अपने सैनिकों को भेजने के बाद से रूस और चीन के संबंध लगातार मजबूत हुए हैं। पिछले हफ्ते मॉस्को और बीजिंग ने पूर्वी चीन सागर में संयुक्त नौसैनिक अभ्यास किया।
यूक्रेन में, अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को ऊर्जा केंद्र और अन्य महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाकर किए गए रूसी मिसाइल हमले में मृतकों की संख्या बढ़ने की बात कही। पिछले कुछ हफ्तों में रूसी सुरक्षा बलों का यह सबसे भीषण हमला था। यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय के उप प्रमुख किरिलो टिमोशेंको के मुताबिक हमले में चार लोगों की मौत हो गई।

यूक्रेन की सेना ने शुक्रवार को कहा कि रूसी सेना ने पिछले 24 घंटों में यूक्रेन के महत्वपूर्ण केंद्रों को निशाना बनाकर कुल 85 मिसाइल दागीं और 35 हवाई हमले किए। सेना की रिपोर्ट में कहा गया कि रूस ने मल्टीपल लॉन्च रॉकेट सिस्टम से भी 63 हमले किए।
यूक्रेन की वायु सेना ने कहा कि बृहस्पतिवार सुबह को मिसाइल हमले के बाद रूसी सेना नेईरान निर्मित शाहेद-131/136 ड्रोन से बृहस्पतिवार रात और शुक्रवार तड़के हमले किए। वायु सेना ने कहा कि सभी ड्रोन को गिरा दिया गया। कीव के महापौर विताली क्लित्सको ने कहा कि राजधानी को निशाना बनाकर ये हमले किए गए।

क्लित्सको के अनुसार, यूक्रेन की राजधानी कीव की तरफ उडान भरने वाले सात कामीकेज़ ड्रोन में से दो को शहर के छोर पर और पांच को कीव में गिरा दिया गया। इसके अलावा दोनेत्सक, लुहांस्क प्रांत, उत्तर में चेर्नीहाइव, सूमी, खारकीव प्रांतों और दक्षिण में जापोरिज्जिया तथा खेरसॉन में भी हमले किए गए।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने वीडियो संबोधन में कहा कि रूस ने दोनेत्सक पर कब्जा करने के इरादों को नहीं छोड़ा है। जेलेंस्की ने यूक्रेन के लोगों को आगाह किया कि रूसी सैन्य बल नव वर्ष पर हमले और तेज कर सकते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘इस साल के दो दिन शेष हैं। शायद दुश्मन एक बार फिर कोशिश करेंगे कि हम नए साल को अंधेरे में मनाएं। वे हमारे शहरों पर हमले की तैयारी कर रहे हैं।’’
जेलेंस्की ने कहा, ‘‘जो भी उनकी योजना हो, हम अपने बारे में एक चीज जानते हैं कि हम बच जाएंगे। हम उन्हें खदेड़ देंगे। इसमें कोई संदेह नहीं। उन्हें इस भयंकर युद्ध का दण्ड दिया जाएगा।’’
यूक्रेन के रक्षकों के अधिकारों की रक्षा के लिए आयुक्त अलीना वर्बिट्सकाया ने शुक्रवार को कहा कि यूक्रेन के 3392 सैनिक रूस के कब्जे में हैं। वर्बिट्सकाया ने बताया कि 15000 लोगों को लापता घोषित किया गया है।



स्टोरी शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Pin It on Pinterest

Advertisements
%d bloggers like this: