सिंगरौली. धान खरीदी में नियमों व निर्देशों को नजर अंदाज किया जा रहा है। समिति प्रबंधकों की इस मनमानी पर लगाम लगाने के लिए कलेक्टर की ओर से जारी निर्देश के मुताबिक खाद्य आपूर्ति, नागरिक आपूर्ति व सहकारिता विभाग के अधिकारियों की ओर से केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। इन तीनों विभागों के अधिकारियों के संयुक्त दल ने निरीक्षण के दौरान मझौली केंद्र पर बड़ी गड़बड़ी पाई है।
गड़बड़ी मिलने पर समिति प्रबंधक को नोटिस जारी किया है। विभागीय अधिकारियों की संयुक्त टीम खरीदी केंद्र मझौली क्रमांक दो में निरीक्षण के लिए पहुंची। टीम ने निरीक्षण के दौरान वहां पाया कि किसानों का धान बिना जांच के सीधे बारदाना में पलटा जा रहा है। धान की सफाई नहीं कराई जा रही है। धान सफाई की केंद्र में व्यवस्था भी नहीं दिखी। इतना ही नहीं धान से भरे गए बारदानों में टैग भी नहीं लगाया मिला।
इसके अलावा कई और कमियां मिली, जिसे अधिकारियों ने गंभीरता से लिया है। इसके लिए जिम्मेदार अािदम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित मझौली के प्रबंधक अजय कुमार सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी की गई है। तीन दिवस के भीतर जवाब देने को कहा है। अधिकारियों की माने तो इस तरह की लापरवाही से संबंधित मामलों का ध्यान अन्य दूसरे केंद्रों पर भी रखा जा रहा है।
परिवहन की दी गई झूठी जानकारी
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को परिवहन की दी गई जानकारी गलत मिली। समिति प्रबंधक द्वारा जानकारी दी गई है कि केंद्र में 9804 क्विंटल धान की खरीदी हुई है। इसमें से 9752 क्विंटल धान का परिवहन किया जा चुका है। जबकि हकीकत में सत्यापन के दौरान पाया गया कि केंद्र में 2720 क्विंटल धान भंडारित है। प्रबंधक द्वारा दी गई झूठी जानकारी को भी अधिकारियों ने गंभीरता से लिया है।
तियरा केंद्र के प्रबंधक को हटाया गया
पूर्व में कलेक्टर राजीव रंजन के निरीक्षण के दौरान खरीद केंद्र में अनुपस्थित रहने व अनियमितता पाए जाने के मामले में खरीदी केंद्र तियरा के समिति प्रबंधक पर कार्रवाई की गई है। कार्रवाई के तहत समिति प्रबंधक को तत्काल प्रभाव से हटाते हुए वहां रजमिलान से संविदा समिति सेवक रामविशाल शाह को स्थानांतरित किया गया है। कलेक्टर ने बाकी के समिति प्रबंधकों को भी चेतावनी दी है कि वह पूरे समय तक खरीदी केंद्र पर उपस्थित रहें और निर्धारित नियमों के तहत किसानों से धान खरीदें।