जानकारी के अनुसार, भोपाल के सुभाष कॉलोनी निवासी 26 वर्षीय अनम खान उर्फ बबली पति अफजल खान की शादी फरवरी 2021 में हुई थी। पति अफजल लैथ मशीन का काम करता था। जबकि महिला टीआइटी कॉलेज से पढ़ाई पूरी कर चुकी थी। शादी के बाद से दंपती के बीच विवाद चल रहा था। इस वजह से करीब आठ महीने से वह अपने मायके हिनोतिया आलम में रह रही थी। शुक्रवार शाम से महिला अपने घर से लापता हो गई थी। जिसकी परिजनों से तलाश की तो उसकी गाड़ी इंद्रपुरी के पास मिली थी। इसके बाद परिजनों ने अशोका गार्डन थाने में महिला की गुमशुदगी दर्ज करवा दी थी।
पुलिस महिला की तलाश कर रही थी। इसी बीच शनिवार सुबह हथाईखेड़ा डैम के पास उसका शव पुलिस को मिला। महिला की हत्या पेट और गले में चाकू मारकर की गई है। जबकि घटना के बाद अफजल ने अपने घर में फांसी लगा ली। पुलिस ने दोनों के शव पीएम के लिए भेज दिए हैं।
डीसीपी श्रद्धा तिवारी ने बताया कि पिपलानी थाना इलाके में शनिवार को महिला का शव हथाईखेड़ा डेम के पास मिला है। जिसके प्रथमदृष्टया साक्ष्य के आधार पर लगता यही है कि महिला की हत्या करने के बाद शव को यहां फेंका गया है। घटना को अंजाम उसके पति ने ही दिया है। पति ने उसकी हत्या करने के बाद खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, पुलिस परिजनों से पूछताछ कर बयान दर्ज कर रही है। जिससे यह पता चल सके कि दोनों में किस बात को लेकर विवाद चल रहा था। इसके बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।