Ajmer में बोले PM Modi, रिमोट कंट्रोल से चल रही थी कांग्रेस सरकार, सीमा पर सड़क बनाने से डरती थी

स्टोरी शेयर करें


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राजस्थान के दौरे पर हैं। अपने सरकार के 9 साल पूरे होने के अवसर पर प्रधानमंत्री ने अजमेर में आयोजित एक जनसभा को संबोधित किया। मोदी का यह दौरा राजस्थान में आगामी चुनाव से जोड़ कर देखा जा रहा है। भाजपा राजस्थान में कांग्रेस सरकार के खिलाफ अपने अभियान तेज कर चुकी है। मोदी ने कहा कि राष्ट्र निर्माण के कार्यों के लिए देश के लोगों को कर्तव्य पथ की दिशा दिखाने के लिए देवी अहिल्या जी को देश हमेशा याद रखेगा। उन्होंने कहा कि ब्रह्मा जी के आशीर्वाद से आज भारत में नव निर्माण का दौर चल रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली NDA सरकार के 9 साल भी पूरे हो गए हैं। भाजपा सरकार के ये 9 साल देशवासियों की सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए समर्पित रहे हैं।
कांग्रेस पर निशाना
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के जरिए कांग्रेस पर भी जोरदार प्रहार किया। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश में क्या स्थिति थी? पूरे देश में जनता भ्रष्टाचार के विरुद्ध सड़क पर उतरी हुई थी। कांग्रेस सरकार सीमा पर सड़कें बनाने से भी डरती थी। बड़े-बड़े शहरों में आए दिन आतंकी हमले होते थे। प्रधानमंत्री के ऊपर सुपरपावर थी, कांग्रेस सरकार रिमोट कंट्रोल से चला करती थी। लेकिन आपने 2014 में अपने एक वोट से सब कुछ बदल दिया। पूरी दुनिया अब भारत के विकास की बात कर रही है। अपना हमला जारी रखते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीति रही है- गरीबों को भरमाओ, गरीबों को तरसाओ। राजस्थान के लोगों ने भी इसका बहुत बड़ा नुकसान उठाया है।
 

इसे भी पढ़ें: मोदी के बल पर ये हमारी बेटियों का अपमान कर रहे, बृजभूषण शरण सिंह के बयान पर बोले अधीर रंजन चौधरी

 
भारत का हो रहा यशगान 
मोदी ने कहा कि आज देखिए, पूरी दुनिया में भारत का यशगान हो रहा है। दुनिया के बड़े एक्सपर्ट्स ये बोल रहे हैं कि भारत अति गरीबी को समाप्त करने के बहुत निकट है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने वीरों के साथ भी हमेशा धोखा किया है। ये कांग्रेस ही है जो ‘वन रैंक वन पेंशन’ के नाम पर हमारे पूर्व सैनिकों से विश्वासघात करती रही। भाजपा सरकार ने ना सिर्फ वन रैंक वन पेंशन को लागू किया बल्कि पूर्व सैनिकों को एरियर भी दिया। 
 

इसे भी पढ़ें: भारत के विकास की कामना, दरार पैदा करने की कोशिश में पश्चिमी देश, नए संसद भवन को लेकर चीनी मीडिया ने शान में पढ़े कसीदे

19 करोड़ से ज्यादा गैस कनेक्शन 
प्रधानमंत्री ने कहा कि 19 करोड़ से ज्यादा लोगों को गैस कनेक्शन दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 3 वर्षों में, भाजपा सरकार ने 9 करोड़ लोगों को पाइप से पानी के कनेक्शन दिए हैं। इस संख्या को पूरा करने में कांग्रेस सरकार को 20 साल लग जाते। उन्होंने कहा कि हमारे देश में विकास के काम के लिए पैसे की कमी कभी भी नहीं रही है। लेकिन ये बहुत जरूरी होता है कि जो पैसा सरकार भेजे, वो पूरा का पूरा विकास के कार्यों में लगे। लेकिन कांग्रेस ने अपने शासन में देश का खून चूसने वाली ऐसी भ्रष्ट व्यवस्था बना दी थी, जो देश के विकास को खाए जा रही थी। 
 
भ्रष्टाचार के बहाने कांग्रेस पर प्रहार
मोदी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने भी माना था कि कांग्रेस सरकार 100 पैसे भेजती है तो उसमें से 85 पैसे भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाते थे। कांग्रेस, हर योजना में 85% कमीशन खाने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि जब लूट की बात होती है तो कांग्रेस किसी में भेदभाव नहीं करती है। कांग्रेस देश के हर नागरिक को… गरीब, शोषित, आदिवासी, अल्पसंख्यक, महिला और दिव्यांग सबको समान भाव से लूटती है। 
ये सदी भारत की सदी 
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की हर सफलता के पीछे भारत के लोगों की मेहनत है, भारत के लोगों का पसीना है। उन्होंने कहा कि ये भारत के लोग ही हैं जिन्होंने महामारी के बाद देश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई पर पहुंचाया है। ये भारत के लोग ही हैं, जिनकी वजह से आज दुनिया कह रही है कि ये दशक भारत का दशक है, ये सदी भारत की सदी है। उन्होंने कहा कि भारत को नया संसद भवन मिला है। लेकिन कांग्रेस ने भारत के गौरव के इस क्षण को भी अपने स्वार्थी विरोध की भेंट चढ़ा दिया। कांग्रेस ने 60 हज़ार श्रमिकों के परिश्रम का, देश की भावनाओं और आकांक्षाओं का अपमान किया है। 



स्टोरी शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Pin It on Pinterest

Advertisements