छोटे पर्दे की मशहूर अदाकारा तुनिषा शर्मा की आत्महत्या के मामले में शीजान मोहम्मद खान की न्यायिक हिरासत वसई अदालत ने 14 दिनों के लिए बढ़ा दी है। वालीव पुलिस ने शनिवार 31 दिसंबर को शीजान को अदालत में पेश किया, जिसके बाद उसकी न्यायिक हिरासत बढ़ाई गई है।
बता दें कि तुनिषा शर्मा ने बीते सप्ताह आत्महत्या की थी, जिसके बाद पुलिस ने उनके कोएक्टर और एक्स बॉयफ्रेंड शीजान को गिरफ्तार किया था। वालीव पुलिस ने शीजान को वसई अदालत में पेश किया था। पुलिस इस मामले में लगातार जांच पड़ताल में जुटी हुई है। पुलिस अब तक परिवार समेत कुल 27 लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है।
शीजान पर पुलिस का आरोप
पुलिस ने आरोप लगाया है कि जांच में शीजान सपोर्ट नहीं कर रहा है। पुलिस ने अदालत में बताया कि शीजान अपनी ईमेल आई का वासवर्ड नहीं बता रहा है। वो अपने फोन का पासवर्ड भी साझा नहीं कर रहा है। अब तक पुलिस शीजान पर बार बार बयान बदलने के आरोप भी लगा रही थी। पुलिस का कहना है कि उन्हें कस्टडी की जरुरत है। पुलिस का कहना है कि शीजान सवालों के जवाब सही से नहीं दे रहा है। वहीं शीजान का कहना है कि उसे अपनी आईडी का पासवर्ड याद नहीं है। वहीं पुलिस को शीजान की बातों पर विश्वास नहीं हो रहा है।