कानून-व्यवस्था को लेकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने की एडिशनल डीजीपी से मुलाकात, नाना पटोले बोले- क्या प्रदेश की पुलिस किसी दबाव में काम कर रही?

स्टोरी शेयर करें


मुंबई। राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक से मुलाकात की है। महाराष्ट्र में कानून का राज है और सामाजिक सद्भाव को बनाए रखना हमारी परम्परा है, लेकिन पिछले कुछ महीनों की घटनाओं को देखकर ऐसा लगता है कि कुछ लोग राज्य में कानून व्यवस्था को बिगाड़ने की साजिश रच रहे हैं। कुछ संगठन दो धर्मों के बीच दरार पैदा करने और दंगे कराने की कोशिश कर रहे हैं। कुछ लोग भड़काऊ बयान देकर माहौल खराब कर रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा है कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि राज्य में माहौल बिगाड़ने वालों और कानून व्यवस्था के सतह खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। 

इसे भी पढ़ें: Maharashtra: ठाणे में बिजली कंपनी के कार्यालय में आग, कोई हताहत नहीं

महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले के नेतृत्व में शुकवार को कांग्रेस नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय सक्सेना से मुलाकात की और राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा की।  इस प्रतिनिधिमंडल में पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, पूर्व मंत्री व प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष नसीम खान, प्रदेश महासचिव मुनाफ हकीम, प्रदेश महासचिव देवानंद पवार, गजानन देसाई, प्रवक्ता निजामुद्दीन राइन, सुनील खांडगे समेत कई नेता शामिल थे। 
बाद में मीडिया से बात करते हुए नाना पटोले ने आगे कहा कि संभाजीनगर, अमरावती, अकोला, शेवगांव, अहमदनगर और त्र्यंबकेश्वर में जानबूझकर राज्य की सामाजिक एकता को बिगाड़ने का काम किया गया। उन्होंने कहा कि बिगड़ती कानून व्यवस्था राज्य के लिए चिंता का विषय है और ऐसी गतिविधियों को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जरूरत है। कुछ संगठनों के नेता भड़काऊ बयान देकर सामाजिक माहौल को बिगाड़ने का काम कर रहे हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का निर्देश है कि इस तरह के भड़काऊ भाषण और बयान देने वालों के खिलाफ तत्काल आपराधिक मामले दर्ज किए जाने चाहिए, लेकिन महाराष्ट्र में कोर्ट के आदेश का पालन नहीं हो रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या प्रदेश की पुलिस किसी दबाव में काम कर रही है? 
त्र्यंबकेश्वर में दंगे की साजिश..
नाना पटोले ने कहा कि कुछ संगठनों ने जानबूझकर माहौल खराब करने के लिए त्र्यंबकेश्वर में अगरबत्ती चढ़ाने के मुद्दे को विवादित बना दिया। हालांकि वहां के  ग्रामीणों ने इस साजिश को बेनकाब करते हुए दिखा दिया कि कि गांव में शांति है, लेकिन बाहर के कुछ संगठन त्र्यंबकेश्वर में जाकर माहौल को भड़काने और बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। सामाजिक शांति भंग करने और माहौल को भड़काने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। पटोले ने कहा कि रत्नागिरी जिले में बारसू रिफाइनरी का स्थानीय लोगों ने कड़ा विरोध कर रहे हैं। यह बहुत गंभीर है कि परियोजना का विरोध कर रहे स्थानीय लोगों और महिला प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस बल का प्रयोग किया गया। प्रोजेक्ट का विरोध करने वालों को प्रताड़ित किया जा रहा है। पुलिस की इस बर्बरता को रोका जाना चाहिए और प्रदर्शनकारियों पर लगे आरोपों को वापस लिया जाना चाहिए। मुंबई-वडोदरा हाईवे के लिए जमीन अधिग्रहण के दौरान आदिवासी महिलाओं पर भी अत्याचार किया गया। इस अत्याचार को भी  रोका जाना चाहिए और संबंधित पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
बड़ी संख्या में महिलाओं और लड़कियों का गायब होना चिंताजनक है।

इसे भी पढ़ें: अब Maharashtra पर भाजपा का फोकस, जेपी नड्डा ने प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को किया संबोधित, कही यह बात

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि राज्य से बड़ी संख्या में  महिलाओं और लड़कियों के लापता होना एक चिंताजनक विषय है। महाराष्ट्र से हर दिन औसतन 70 लड़कियां गायब हो रही हैं। ऐसी रिपोर्ट है कि जनवरी से मार्च 2023 तक तीन महीने की अवधि में राज्य से लगभग 5510 लड़कियां लापता हो गई हैं ।पटोले ने कहा कि जहां राज्य से लड़कियां और महिलाएं गायब हो रही हैं, वहीं सत्ताधारी दल के नेता ‘केरल स्टोरी फिल्म  देखने में व्यस्त हैं। लापता लड़कियों के मामले में महिलाओं की सुरक्षा के लिए तत्काल उचित कदम उठाए जाने चाहिए। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि महाराष्ट्र कानून का राज्य है और लेकिन इसे बनाए रखने के लिए उचित कदम उठाए जाने की  जरूरत है। 
भाजपा भ्रष्ट अधिकारी समीर वानखेड़े का समर्थन क्यों कर रही है?
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सीबीआई ने विवादास्पद अधिकारी समीर वानखेड़े के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है और उनकी भ्रष्ट गतिविधियों की जांच कर रही है। वानखेड़े पर नामी लोगों को ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठने का आरोप है। जहां वानखेड़े की सीबीआई जांच चल रही है, वहीं गृह मंत्री देवेन्द्र फडणवीस, मंत्री सुधीर मुनगंटीवार समेत बीजेपी के कई लोग वानखेड़े का समर्थन कर रहे हैं। पटोले ने पूछा है कि आखिर भाजपा के नेता भ्रष्ट अधिकारी समीर वानखेड़े का समर्थन क्यों कर रही है।  उन्होंने कहा कि समीर वानखेड़े, जो सरकारी सेवा में हैं, नागपुर जाकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मुख्यालय क्यों जाते हैं? वह किससे मिले और इसका प्रयोजन क्या था ? इसका भी  खुलासा होना चाहिए।



स्टोरी शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Pin It on Pinterest

Advertisements