Rajasthan Chunav को BJP ने दे दिया है दिलचस्प मोड़, क्या मतदान से ठीक पहले Congress निकाल पायेगी कोई तोड़?

स्टोरी शेयर करें


राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार ने अपने कार्यकाल के अंतिम दिनों में कुछ लोक लुभावन योजनाएं शुरू कीं और इनके नाम पर वोट मांगना शुरू किया। मुख्यमंत्री और कांग्रेस के अन्य नेता अपनी सभाओं में जनता से कहने लगे कि यदि भाजपा सत्ता में आई तो वह इन योजनाओं को वापस ले लेगी लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐलान कर दिया कि किसी भी जनहित की योजना को बंद नहीं किया जायेगा बल्कि उसमें और सुधार कर उसे और जनउपयोगी बनाया जायेगा। प्रधानमंत्री ने महंगाई के मुद्दे पर गहलोत सरकार को घेरते हुए यह ऐलान भी कर दिया है कि 3 दिसंबर को भाजपा सरकार बनने के बाद पेट्रोल-डीजल की कीमतों की समीक्षा की जायेगी।
देखा जाये तो केंद्र सरकार ने जब उत्पाद शुल्क में कटौती की थी तो अन्य कई राज्यों ने भी वैट की दरें घटा दी थीं जिससे जनता को महंगे पेट्रोल-डीजल से राहत मिली लेकिन कांग्रेस की राजस्थान सरकार ने ऐसा नहीं किया और यहां के लोग अन्य राज्यों की अपेक्षा पेट्रोल-डीजल पर प्रति लीटर 12 से 13 रुपए ज्यादा देते हैं। देखा जाये तो यह अंतर बहुत ज्यादा है और इससे कांग्रेस के महंगाई से राहत देने के वादे और दावे पर भी सवाल उठता है।

इसे भी पढ़ें: अपने गढ़ में वसुंधरा अभी भी ‘महारानी’, कांग्रेस के सेंध लगाने की कोशिशों के बीच जानें हाड़ौती में क्या है BJP का हाल?

राजस्थान की आबादी चूंकि धार्मिक प्रवृत्ति वाली है, इसीलिए भाजपा ने जनता को यह भी याद दिलाना शुरू कर दिया है कि कैसे रामनवमी पर शोभा यात्राएं निकालना राज्य में मुश्किल हो गया है, भाजपा ने यह भी याद दिलाना शुरू कर दिया है कि कैसे विपक्षी गठबंधन इंडी के नेता सनातन धर्म और सनातन संस्कृति पर हमला बोल रहे हैं, भाजपा लोगों को यह भी याद दिला रही है कि कैसे 300 साल पुराने मंदिर को ढहा दिया गया था।
देखा जाये तो चुनाव प्रचार के इस अंतिम दौर में स्थानीय मुद्दे दरकिनार होते जा रहे हैं। आइये आपको सिर्फ आज ही के दिन भाजपा नेताओं की जनसभाओं और संवाददाता सम्मेलन के कुछ अंश बताते हैं जिससे आपके समक्ष स्पष्ट हो जायेगा कि राजस्थान का चुनाव किस ओर बढ़ चला है। इसके लिए सबसे पहले बात करते हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की। 
प्रधानमंत्री का संबोधन
प्रधानमंत्री ने राजस्थान में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस और उसके साथी (घमंडिया गठबंधन) सनातन को खत्म करने का ऐलान कर रहे हैं। सनातन को खत्म करने का मतलब है राजस्थान की संस्कृति को खत्म करना। क्या आप ये करने देंगे? प्रधानमंत्री ने साथ ही कहा कि राजस्थान सरकार की लूट का एक उदाहरण यहां पेट्रोल की कीमतें हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान के पड़ोसी राज्यों हरियाणा, उत्तर प्रदेश और गुजरात में भाजपा की सरकार है, वहां पेट्रोल 97 रुपये प्रति लीटर मिलता है। लेकिन राजस्थान की कांग्रेस सरकार इन राज्यों से प्रति लीटर 12-13 रुपये महंगा पेट्रोल बेचती है। उन्होंने कहा कि मैं आज राजस्थान को गारंटी देता हूं कि 3 दिसंबर को यहां भाजपा सरकार बनने के बाद पेट्रोल-डीजल की कीमतों की समीक्षा की जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसके लिए भ्रष्टाचार से बड़ा कुछ नहीं है और वह दलितों के खिलाफ अत्याचार करने वालों को देखकर आंखों पर पट्टी बांध लेती है। मोदी पाली में चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘आज पूरा देश विकसित होने का लक्ष्य हासिल करने के लिए दिन रात मेहनत कर रहा है। भारत 21वीं सदी में जिस ऊंचाई पर होगा, उसमें राजस्थान की भूमिका बहुत बड़ी होगी। इसलिए राजस्थान में ऐसी सरकार जरूरी है जो उसके विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे।’’ उन्होंने कहा ‘‘’दुर्भाग्य से यहां पिछले पांच साल से जो कांग्रेस सरकार रही है, उसने लोगों को विकास में और पीछे धकेल दिया। यहां की कांग्रेस सरकार के लिए भ्रष्टाचार से बड़ा कुछ भी नहीं है। यहां की कांग्रेस सरकार के लिए परिवारवाद ही सबकुछ है।’’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘दलितों के खिलाफ अत्याचार करने वालों को देखकर कांग्रेस आंखों पर पट्टी बांध लेती है। यहां राजस्थान में पांच वर्ष तक दलित परिवारों के साथ हुए अत्याचार पर कांग्रेस ने यही किया है। महिला विरोधी कांग्रेस कभी महिलाओं का कल्याण और उनकी सुरक्षा नहीं कर सकती। कांग्रेस ने राजस्थान को महिलाओं के खिलाफ अपराध में नंबर एक बना दिया है।’’ मोदी ने यह भी आरोप लगाया ‘‘कांग्रेस व इसके ‘घमंडिया’ साथियों की सोच महिला विरोधी है।’’ मोदी ने कहा, ‘‘पिछले कुछ दिनों से मैं राजस्थान में जहां जहां गया हूं, वहां एक स्वर में एक ही आवाज सुनाई दे रही है- जन जन की है यही पुकार, आ रही है भाजपा सरकार।”
भाजपा अध्यक्ष का बड़ा बयान
वहीं भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि राजस्थान में गहलोत सरकार के दौरान राम नवमी की यात्रा को रोका गया, कांवड़ यात्रा को रोका गया, 300 साल पुराना मंदिर ढहा दिया, 18 से अधिक संतों की हत्या हुई, मंदिरों का अपमान हुआ। उन्होंने कहा कि अब 25 नवंबर को आप इनकी सरकार ढहा देना।
भाजपा प्रवक्ता का हमला
इसके अलावा भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने जयपुर में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसने सनातन संस्कृति पर हमला करने का प्रयास किया। उन्होंने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि जबसे केंद्र में मोदी सरकार आई है तबसे कांग्रेस में फैंसी ड्रेस कम्पीटिशन चल पड़ा है। कोई यज्ञ कर रहा है तो कोई मंदिर जा रहा है। 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रचार की बड़ी बातें
इसके अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी कांग्रेस को अपने चिर-परिचित अंदाज में घेरते हुए कहा कि राजस्थान में कानून व्यवस्था की स्थिति लचर है, भ्रष्टाचार चरम पर है और महिलाओं के खिलाफ अपराध में यह राज्य देश में नंबर एक पर है। देखा जाये तो उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की राजस्थान के चुनावी समर में निरंतर ताबड़तोड़ रैलियां हो रही हैं। सोमवार को भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राजस्थान में मतदाताओं के समक्ष पहुंचे और भाजपा के लिए वोट मांगा। यहां उन्होंने जनविरोधी कृत्यों पर कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार रामनवमी पर कर्फ्यू लगाती है, लेकिन यूपी में चार करोड़ लोगों की कांवड़ यात्रा निकलती है और तिनका तक नहीं हिलता। वहां भव्यता के साथ दीपोत्सव समेत हर आयोजन होते हैं। भरतपुर जिले की नगर विधानसभा सीट पर उन्होंने कहा कि यदि यहां भाजपा का विधायक होता तो गाड़ी में गोमांस नहीं मिलता। फर्क महसूस हो गया होगा कि कांग्रेस रूपी समस्या के सामने आपको कमल रूपी समाधान वाले बटन को दबाकर राजस्थान में भाजपा सरकार बनानी है। 
सीएम योगी ने लालासोट से रामबिलास मीना के पक्ष में कहा कि पांच साल में राजस्थान ने बहुत कुछ खोया है। आज राजस्थान कराह रहा है। कहीं कन्हैया लाल की हत्या होती है तो कहीं बहन-बेटियों की सुरक्षा खतरे में है। विकास ठप है। नौजवान बेरोजगार है। कांग्रेस शासन में घुसपैठ होती थी, लेकिन आतंकियों के आकाओं को पता है कि अब भारत में ऐसा करने से हमारे जवान मांद में घुसकर मारेंगे। नए भारत में कोई छेड़ता नहीं, लेकिन छेड़ने वाले को छोड़ता भी नहीं है। मोदी जी ने अराजकता को सुराज में बदलने का कार्य किया। 
भरतपुर जिले की नगर विधानसभा में सीएम योगी ने भाजपा प्रत्याशी जवाहर सिंह बेदाम के लिए वोट मांगा। उन्होंने कहा कि पांच वर्ष की वेदना का लोकतंत्र के माध्यम से बदला लेने का वक्त आ गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 1984 में निर्दोष सिखों की हत्या कराई। यह हमारे गिरिराज महाराज को गाली और ब्रज भूमि व कान्हा को अपमानित करते हैं। यहां भाजपा का विधायक होता तो उनकी गाड़ी में गोमांस नहीं मिलता।



स्टोरी शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Pin It on Pinterest

Advertisements
%d